छत्रपति शिवाजी महाराज की 13वीं पीढ़ी से आने वाले और सतारा से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सांसद छत्रपति उदयन राजे ने पार्टी छोड़ शनिवार सुबह भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली। गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में वे भाजपा में शामिल हुए। इससे पहले शनिवार को ही उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को अपना इस्तीफा सौंपा। राजे के भाजपा में शामिल होने से बड़ा मराठा वोट बैंक भाजपा की और खिसक सकता है।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में रविवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों में मुठभेड़ हो गई। इसमें सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया। जानकारी के मुताबिक, सुबह सुरक्षाबल गश्त पर निकले थे। इस दौरान ग्यारपट्टी गांव में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी।सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग का जवाब दिया। इसमें अब तक दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। भारी तादाद में विस्फोटक और हथियार भी बरामद हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सूचना के बाद सुरक्षाबलों की कुछ और टीमों को वहां रवाना किया गया है। फिलहाल, इलाके की सर्चिंग की जा रही है।