भारतीय किसान संगठन के बैनर तले अपनी मांगों के लिए दिल्ली जाने वाले किसान शुक्रवार को दिनभर पुलिस के पहरे में रहे। सेक्टर-69 ट्रांसपोर्ट नगर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रही। शनिवार सुबह होते ही किसानों ने अपना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हजारों की संख्या में किसान दिल्ली बॉर्डर पर पहुंच चुके हैं। किसान यहां से दिल्ली के किसान घाट पर महाडेरा डालने के लिए रवाना होंगे। हालांकि इन्हें बॉर्डर पर ही रोकने के लिए सीमाएं सील कर दी गई हैं। हजारों संख्या में पुलिस बल दिल्ली बॉर्डर पर तैनात हैं।
मीडिया कर्मियों पर नोएडा पुलिस का कहर जारी है। सेक्टर-18 में एक टीवी चैनल के पत्रकार ने गलत दिशा से जा रहे बाइक सवार पुलिसकर्मियों को टोक दिया तो पुलिस कर्मियों ने पत्रकार की सड़क से लेकर पुलिस चौकी तक पिटाई कर दी। डंडा मारकर मोबाइल तोड़ दिया और रात भर थाने में रखा। गुरुवार रात को हुई इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह पत्रकार को थाने से छोड़ा गया। मारपीट के दौरान पुलिस कर्मियों ने पत्रकार के दोस्त की भी पिटाई की। उसका इलाज जेपी अस्पताल में चल रहा है।