गुजरात के अमरेली में एक नाबालिग होमवर्क के बहाने मां के सामने ही सुसाइड नोट लिख रही थी। इस बीच मां की नजर बेटी के चेहरे पर पड़ी तो उसके हावभाव देखकर कुछ अप्रिय होने की आशंका हुई। मां ने बेटी से कॉपी लेकर देखी तो उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म होेने का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के मौसेरे भाई समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।पुलिस ने बताया कि आरोपियों में पीड़िता का मौसेरा भाई और पांच अन्य उसके करीबी हैं। लड़की के मुताबिक, आरोपियों ने चलती कार में उससे दुष्कर्म किया था। लड़की ने होमवर्क की कॉपी में आरोपियों के बारे में विस्तार से लिखा। उसने लिखा- अंदर से टूटने के बाद खुद को खत्म करने का फैसला किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अहमदाबाद, जूनागढ़ और अमरेली के हैं। केस दर्जकर उनकी तलाश की जा रही है।
ऊपरी इलाके महाराष्ट्र और उकाई के ब्लाइंड केचमेँट में हुई भारी बारिश के कारण डेम में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। पानी की आवक अधिक होने से डेम से पौने दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते तापी नदी पूरी तरह से उफान पर है। उकाई डेम का खतरे का निशान 345 फीट है। डेम 99 प्रतिशत भर चुका है। उसका जल स्तर 344.23 फीट है। इसके अलावा उपरवास में भारी वर्षा के चलते डेम में लगातार पानी आ रहा है। इस समय आवक 1 लाख 19 हजार 244 क्यूसेक है। इससे बांध प्रशासन द्वारा पानी को छोड़ने का सिलसिला जारी कर दिया है। इसके लिए 16 दरवाजों को खोला गया है। बहरहाल डेम में पानी खतरे के निशान से 0.77 फीट दूर है।
संघ प्रदेश दमण-दीव एवं दादरा नगर हवेली प्रशासन में तैनात दानिक्स अधिकारियों के तबादले कर दिए गए। तबादला सूची में सबसे ज्यादा चर्चा दमण नगर पालिका के वैभव रिखारी को लेकर है। दरअसल, उन्होंने 17 अप्रैल को शहर में भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए प्रधानमंत्री के जन्मदिन के बधाई संदेश के बैनर और पोस्टर को हटा दिया था, क्योंकि इसे लगाने की मंजूरी नहीं ली गई थी।