महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने बुधवार रात 77 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने छगन भुजबल को येवला, प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल को इस्लामपुर, अजीत पवार को बारामती और शरद पवार के पोते रोहित पवार को करजात जमखेड़ से उम्मीदवार बनाया है।उधर, कांग्रेस और भाजपा ने भी प्रत्याशियों की सूची जारी की है। कांग्रेस ने तीसरी सूची में 20 और भाजपा ने दूसरी सूची में 14 उम्मीदवार तय किए हैं। कांग्रेस अब तक 123 सीटों पर उम्मीदवार तय कर चुकी है, जबकि भाजपा अब तक 139 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। गठबंधन के तहत कांग्रेस और राकांपा 125-125 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे, नतीजों का ऐलान 24 तारीख को होगा।
हार्बर लाइन पर एक लोकल ट्रेन पटरी से उतर गई है। हालांकि, इसमें किसी के घायल होने की कोई जानकारी नहीं है। यह दुर्घटना किंग सर्कल और माहिम स्टेशन के बीच सुबह 11.30 हुई है। इस दुर्घटना के बाद अंधेरी-सीएसएमटी और अंधेरी-पनवेल रूट ठप हो गया है। रेलवे की टीम दुर्घटनास्थल पर ट्रैक को क्लियर करने के लिए पहुंची हुई है। ताजा जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के 3-4 कोच पटरी से उतरे हैं। हालांकि, इसको लेकर रेलवे की और से कोई भी आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है।गांधी जयंती के कारण आज छुट्टी का दिन है। इस कारण ट्रेन में रोजमर्रा की तुलना में ज्यादा भीड़ नहीं थी।