Top 5 News 6 May '20: सोने से पहले जानिए दिन भर की हलचल
#कश्मीर में सुरक्षा बलों को बुधवार को तब बड़ी कामयाबी मिली, जब आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का टॉप कमांडर रियाज नायकू मारा गया। वह दो साल से मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल था। वह अपनी बीमार मां से मिलने पुलवामा के गांव बेगपोरा आया था। सुरक्षा बलों को इस गांव में नायकू और उसके कुछ साथियों की मौजूदगी का इनपुट मिला था। इस एनकाउंटर में उसके मारे जाने के बाद पुलवामा में भारी पथराव शुरू हो गया है। हिजबुल आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद 2016 में घाटी में भारी उपद्रव हुआ था। ऐसा दोबारा न हो, इसके लिए पूरे कश्मीर में एहतियातन मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है। बीएसएनएल के अलावा बाकी सभी फोन नेटवर्क भी बंद हैं।
#कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु से चलाई जाने वाली विशेष श्रमिक ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इनसे मजदूर अपने-अपने राज्यों को लौटने वाले थे। ट्रेनें रद्द करने का फैसला मुख्यमंत्री बीएस येद्दीयुरप्पा और बिल्डर्स की मंगलवार को हुई बैठक के बाद लिया गया। इसमें बिल्डराें ने मुख्यमंत्री से मजदूरों को उनके राज्य जाने से रोकने की मांग की थी। बिल्डर्स के मुताबिक, अगर मजदूर लौट जाएंगे तो कंस्ट्रक्शन के काम में दिक्कत होगी। इसके बाद सरकार ने रेलवे को विशेष ट्रेन चलाने के लिए रेलवे से किया गया अनुरोध वापस ले लिया। राज्य सरकार ने लॉकडाउन की शर्तों में राहत दी है। भवन निर्माण समेत कुछ अन्य व्यापारिक गतिविधियों को मंजूरी दी है। मजदूरों की कमी होने से इन उद्योगों से जुड़े काम प्रभावित होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि वे मजदूरों को राज्य छोड़ कर नहीं जाने के लिए समझाएं।
#देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 49 हजार 576 हो गई है। 14 हजार से ज्यादा स्वस्थ हुए। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 1020 संक्रमित ठीक भी हुए। संक्रमितों की रिकवरी रेट 27.41% है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के मुताबिक, राज्य की स्थिति पड़ोसी प्रदेशों से ज्यादा बेहतर है। दूसरी तरफ, सरकार ने अल्कोहल बेस्ड सैनिटाइजर पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी है। संबधित आदेश वाणिज्य और उद्योग विभाग की तरफ से बुधवार शाम जारी किया गया। तेलंगाना सरकार ने लॉकडाउन 29 मई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद जिले में भी डीएम ने 31 मई तक लॉकडाउन के प्रतिबंध जारी रखने का आदेश दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को लॉकडाउन का आकलन करने के लिए कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इसमें उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि 17 मई के बाद क्या होगा और लॉकडाउन कब तक चलेगा? उन्होंने पूछा कि भारत सरकार यह तय करने के लिए कौन सा मापदंड अपना रही है।
#दुनियाभर के देश कोरोनावायरस की वैक्सीन बनाने की कोशिश में लगे हुए हैं। लेकिन चीन सभी देशों से पहले वैक्सीन बनाने की होड़ में है। चीन अपने लोगों को बीमारी से बचाने और अंतरराष्ट्रीय आलोचना से बचने के लिए ड्रग कंपनियों को तबाड़तोड़ संसाधन मुहैया करा दिए हैं। ताकि वे जल्द से जल्द से वैक्सीन बना सकें। 4 कंपनियों ने इंसानों पर टेस्टिंग की शुरुआत भी कर दी है। यह संख्या अमेरिका और ब्रिटेन के संयुक्त से भी ज्यादा है। हालांकि चीन में टेस्टिंग कर रहीं कंपनियां खराब क्वालिटी और दूसरे विवादों के कारण स्कैंडल में फंस चुकी हैं। महज दो साल पहले देश में कई पैरेंट्स अपने बच्चों को गलत टीका दिए जाने पर भड़क गए थे। चीन ने वैक्सीन निर्माण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बना दिया है। हालांकि इसपर होने वाले खर्च की कोई जानकारी नहीं है। एक शीर्ष अधिकारी के मुताबिक, एमरजेंसी के लिए वैक्सीन सितंबर तक तैयार हो जाएगी।
#इजराइल के बाद इटली ने घोषणा की है कि उसने कोरोनावायरस के इलाज की वैक्सीन को विकसित किया है। दावा है कि यह वैक्सीन इंसानों पर काम करती है। इटली ने इसे दुनिया की पहली वैक्सीन होने का दावा किया है। अरब न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोम के संक्रामक रोगों के हॉस्पिटल ‘स्पैलैंजानी’ में इसका परीक्षण किया गया। इस वैक्सीन से चूहों में एंटीबॉडी विकसित किए गए हैं। विकसित एंटीबॉडी वायरस को कोशिकाओं पर हमला करने से रोकती है। हालांकि, लैब में इंसानी कोशिकाओं पर किए गए इस वैक्सीन का सकारात्मक असर देखने को मिला है। इससे पहले इजराइल के रक्षा मंत्री नैफ्टली बेनेट ने भी कोरोनावायरस का वैक्सीन तैयार करने का दावा किया है।