यौन उत्पीड़न के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 48 वैश्विक नेताओं ने अपना समर्थन दिया है। इन सभी ने गुटेरस के साथ मिलकर इस संबंध में एक संयुक्त बयान भी जारी किया। इस बयान में सभी ने संयुक्त राष्ट्र की पूरी प्रणाली में यौन उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई के प्रयासों को व्यक्तिगत समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराने के साथ ऐसे मामलों में नरमी न बरतने की बात कही है।
अफ्रीकी देशों में संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियान दल यौन दुर्व्यवहार के आरोपों का सामना कर रही हैं। साल 2017 में एक गुटेरस ने एक अभियान चलाया था जिसका उद्देश्य यूएन कर्मियों द्वारा किए जा रहे यौन उत्पीड़न को रोकना और खत्म करना था। उसी साल उन्होंने यह स्वीकार किया था कि यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार पूरे संयुक्त राष्ट्र की समस्या है। उन्होंने कहा कि यौन शोषण और दुर्व्यवहार के अधिकतर मामलों को यूएन के नागरिक संगठनों द्वारा अंजाम दिया जाता है। सभी संयुक्त राष्ट्र निकायों और कर्मियों की सभी श्रेणियों सैन्य, पुलिस और नागरिकों में यूएन प्रमुख के प्रयासों को लागू करने के लिए उनके साथ साझेदारी में काम करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरेजा मे जैसे वैश्विक नेताओं और 21 यूएन संगठनों ने अपनी प्रतिबद्धता जताई।