बिहार के मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में लड़कियों की प्रताड़ना व उनके साथ हुई यौन हिंसा के मामले से बिहार शर्मसार है। मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग में सीबीआइ कर रही है। इसके बाद बिहार के विभिन्न शेल्टर होम की व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे के बीच वैसी ही शर्मनाक घटना फिर सामने आई है। ताजा मामला पूर्णिया के शेल्टर होम का है। वहां से भागी एक लड़की पर विश्वास करें तो शेल्टर होम की लड़कियों से दुष्कर्म किए जाते हैं, उन्हें होटलों तक में सप्लाई किया जाता है।
पूर्णिया सदर थाना क्षेत्र के शेल्टर होम से सोमवार की सुबह छह लड़कियां गईं। उनमें पांच तो पकड़ ली गईं, जबकि एक बच निकली। उसी लड़की ने मीडिया के सामने आपबीती सुनाई है। उसने शेल्टर होम के संबंध में बड़े खुलासे किए। उसने बताया कि शेल्टर होम में बाल सुधार की आड़ में गंदे काम होते हैं। ऐसी पीड़ित वह अकेली लड़की नहीं। बल्कि उसके साथ कई और लड़कियां है। उसके आरोपों ने शेल्टर होम की व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिए है।