मध्यप्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपना घोषणापत्र जारी करने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर रैली निकाली। उन्होंने रैली से पहले भोपाल संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया था, जिसमें युवाओं में उद्यमशीलता, कारोबारियों को कर्ज और नए स्टार्टअप जैसे मुद्दे शामिल थे।
घोषणापत्र जारी करने के बाद साध्वी प्रज्ञा ने मीडिया से बातचीत करते हुए बाइक रैली की जानकारी दी और उसके बाद मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर सवार होकर रैली के लिए निकल पड़ीं। उन्होंने जेल के दिनों को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस की प्रताड़ना के कारण चुनाव प्रचार के लिए गलियों में नहीं जा पा रही हूं। अब बाइक पर बैठ कर भोपाल की गलियों में भी प्रचार करने जाऊंगी।
बता दे की भोपाल लोकसभा सीट के लिए साध्वी प्रज्ञा भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह से है। दोनों ही प्रत्याशी नए-नए हथकंडे अपना कर जोर-शोर से चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं।