तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव जल्द ही एक यज्ञ का आयोजन करने वाले हैं। यह एक महायज्ञ है जिसे कि राज्य के यादाद्री भुवनगिरि जिले में हिंदू पहाड़ी मंदिर पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आधी रात को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार केसीआर ने यज्ञ के लिए किए जाने वाले प्रबंधों पर मंगलवार को त्रिदंडी चिन्ना जीयर स्वामी के साथ उनके आश्रम में चर्चा की। जल्द ही यज्ञ की तारीख और समय का एलान किया जाएगा।
महासुदर्शन यज्ञ को हैदराबाद से लगभग 65 किमी दूर भगवान नरसिंह को समर्पित श्री लक्ष्मी नरसिम्हा मंदिर के पास आयोजित किया जाएगा। इस मंदिर को यादाद्री भी कहा जाता है। इस यज्ञ के लिए 1,048 यज्ञ कुंड, 100 एकड़ की यज्ञ वाटिका में ईंटों से बने छोटे-छोटे चबूतरों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा, 'एक हजार से ज्यादा वैदिक पंडित यज्ञ को करेंगे। अन्य 3,000 सहायक एक दिवसीय अनुष्ठान का संचालन करेंगे।'